🔴 एक्सक्लूसिव | दर्पण न्यूज 24/7
**प्रेमिका संग पति को देख भड़की पत्नी, नैनीताल के गांधी चौक पर हाईवोल्टेज ड्रामा।
बीच सड़क हंगामा, कार का शीशा तोड़ा — प्रेमिका मौके से फरार**
नैनीताल | दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
नैनीताल शहर के तल्लीताल स्थित गांधी चौक चौराहे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पत्नी ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ घूमते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गुस्से में तमतमाई पत्नी ने बीच सड़क जमकर हंगामा किया और पति की कार का शीशा तोड़ दिया। हालात बिगड़ते देख प्रेमिका किसी तरह मौके से जान बचाकर फरार हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी से छिपकर प्रेमिका के साथ नैनीताल घूमने आया था। इस बात की भनक लगते ही पत्नी अपने परिजनों के साथ नैनीताल पहुंच गई और पति की तलाश शुरू कर दी। दोपहर के समय तल्लीताल गांधी चौक पर जैसे ही पति की कार दिखाई दी, पत्नी और उसके परिजनों ने बीच सड़क वाहन रुकवा लिया।
पत्नी को अचानक सामने देख पति और उसकी प्रेमिका घबरा गए। पत्नी के बार-बार कहने के बावजूद जब पति कार से बाहर नहीं निकला, तो पत्नी और उसके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और कार का शीशा तोड़ दिया गया। इसी बीच मौका पाकर प्रेमिका कार से निकलकर फरार हो गई, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को तल्लीताल पुलिस चौकी ले आई, जहां काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पत्नी ने पति पर मारपीट और दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने के आरोप लगाए, जबकि पति ने भी पत्नी और उसके परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया। पति का कहना है कि दोनों के बीच तलाक का मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है।
इस दौरान पत्नी और उसके परिजन प्रेमिका को चौकी बुलाने की मांग पर कई घंटों तक अड़े रहे, लेकिन कई बार फोन किए जाने के बावजूद प्रेमिका चौकी नहीं पहुंची।
तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले से अलगाव का मामला चल रहा है। दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उन्हें समझाइश दी गई, जिसके बाद किसी भी पक्ष द्वारा लिखित शिकायत न देने पर उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
👉 दर्पण न्यूज 24/7 — हर सनसनीखेज और ज़मीनी खबर, सबसे पहले।
