खबरें शेयर करें -

गुलदार ने पुजारी को बनाया निवाला… ग्रामीणों का फूटा गुस्सा! वनकर्मियों को कमरे में किया बंद, विधायक को भी घेरा

पौड़ी, संवाद सूत्र दर्पण न्यूज 24*7 । जनपद पौड़ी के गजल्ड गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब शिवालय में पूजा करने जा रहे 45 वर्षीय पुजारी राजेंद्र नौटियाल पर गुलदार ने हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। हालात इतने बिगड़े कि मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों ने पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार राजेंद्र नौटियाल रोज की तरह सुबह करीब सात बजे शिवालय के लिए निकले थे। रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। परिजन जब देर तक घर न लौटने पर खोज में निकले तो खून के निशान उनकी क्षत-विक्षत लाश तक ले गए।

घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन विभाग के खिलाफ गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें करीब चार घंटे तक एक कमरे में बंद रखा। एक महिला ने आरोप लगाया कि जिला मुख्यालय से महज 14 किलोमीटर दूर होने के बावजूद कोई बड़ा अधिकारी समय पर नहीं पहुंचा।

इसी बीच स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें भी ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने सरकार और वन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति बिगड़ती देख जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया को मौके पर पहुंचना पड़ा।

डीएम के हस्तक्षेप के बाद वन विभाग ने गांव में पिंजरे लगाने और आवश्यकता पड़ने पर गुलदार को मार गिराने (शूटआउट) के आदेश जारी किए। आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शव को उठाने के लिए तैयार हुए।

मृतक राजेंद्र नौटियाल परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। पीछे पत्नी, 15 वर्षीय पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत व्याप्त है। एहतियातन संकुल ढ़ाण्डरी, बाड़ा और चरधार क्षेत्र के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है। पौड़ी और कोट ब्लॉक के कई आंगनबाड़ी केंद्र भी 5 से 8 दिसंबर तक बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड