जंगल की प्यास बुझाने निकली महिला शक्ति, 11 वाटर होल्स में भरा जीवनदायी जल।
दर्पण न्यूज 24/7 बाजपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीव संवर्धन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए महिला शक्ति ने टीम तृषिताश्रय के साथ सघन करारी वन क्षेत्र में पहुंचकर वन्यजीवों की प्यास बुझाने का अभियान चलाया। महिलाओं ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्थापित 11 स्थायी सीमेंट वाटर होल्स में जल भरकर वन्य प्राणियों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की।
घने जंगल के बीच संचालित इस अभियान में महिलाओं ने प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। हरियाली से आच्छादित वन क्षेत्र में जल स्रोतों को भरते हुए प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान महिलाओं ने वन्यजीवों की आवश्यकताओं को निकट से समझा और भविष्य में भी ऐसे अभियानों से जुड़ने का संकल्प लिया।
टीम तृषिताश्रय द्वारा संचालित इस अभियान को वन विभाग के अधिकारियों ने भी सराहा। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों के लिए सड़क किनारे बनाए गए स्थायी सीमेंट वाटर होल्स एक व्यवहारिक और सुरक्षित नवाचार हैं। इससे पहले जंगलों में रखे जाने वाले सीसी टब चोरी होने की घटनाओं के कारण वन्यजीवों तक नियमित रूप से पानी पहुंचाने में कठिनाइयां आती थीं।
टीम तृषिताश्रय के रणबीर सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान वन्यजीवों को जल संकट से बचाने के लिए भविष्य में ऐसे स्थायी जल स्रोतों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहयोग करने और पर्यावरण संरक्षण तथा वन्यजीव कल्याण की मुहिम को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
अभियान में शामिल महिलाओं ने इसे रोमांचक, प्रेरक और अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
