खबरें शेयर करें -

खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला; चार गिरफ्तार!
हल्द्वानी। चोरगलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर में खेत के रास्ते और गूल को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में राकेश पलड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में नौ टांके आए। मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को चोरगलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून को राकेश पलड़िया पुत्र स्व. कैलाश पलड़िया निवासी ग्राम गजेपुर ने थाना चोरगलिया में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि खेत के रास्ते और गूल को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। चोट लगने से वह मौके पर बेहोश होकर गिर पड़े। उपचार के दौरान उनके सिर में नौ टांके लगाए गए।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने FIR संख्या 26/2026 के तहत धारा 118(1)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 109/351(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
ऑपरेशन प्रहार के तहत दबिश
थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया।
उपनिरीक्षक नीशू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गजेपुर, पोस्ट कुँवरपुर स्थित आरोपियों के घर पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना में प्रयुक्त सामान बरामद
पुलिस ने पूछताछ के बाद 23 अगस्त को आरोपी भैरव दत्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी:
जयदत्त शास्त्री पुत्र स्व. भूपाल दत्त, भैरव दत्त पुत्र जयदत्त शास्त्री, योगेश उर्फ युगल पुत्र जयदत्त शास्त्री और नवीन पुत्र बुद्धिबल्लभ, सभी निवासी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर, थाना चोरगलिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नीशू गौतम, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण, कांस्टेबल संदीप सिंह, महिला कांस्टेबल मीरा सिंह और महिला कांस्टेबल राजकुमारी शामिल रहे।

उत्तराखंड