खबरें शेयर करें -

बुर्के के पीछे छिपी ‘गोल्ड गैंग’ की चाल! सर्राफा बाजार में लाखों के गहने गायब, CCTV ने खोला चौंकाने वाला राज!

मेरठ। सर्राफा बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला के पर्स से लाखों रुपये के सात सोने के आभूषण चोरी होने की घटना ने सनसनी फैला दी। शुरुआत में यह एक रहस्यमयी चोरी लग रही थी, लेकिन जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो ऐसा खुलासा हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए दिल्ली से एक पति-पत्नी मेरठ पहुंचे थे। आरोप है कि बुर्के की आड़ में महिला ने बड़ी सफाई से गहनों पर हाथ साफ किया, जबकि उसका पति पूरे ऑपरेशन में उसका साथ देता रहा।

13 जून को हापुड़ रोड निवासी आसफा खान ने देहली गेट थाने में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई घंटों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मेरठ कैंट क्षेत्र से दिल्ली निवासी यूसुफ खान और उसकी पत्नी नगमा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी प्रमुख आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनमें सोने की चेन, चूड़ियां, पेंडेंट, टॉप्स, झुमकी और मोतियों की माला शामिल हैं। पीड़िता ने बरामद गहनों की पहचान भी कर ली है।

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के अनुसार, आरोपी दंपति विशेष रूप से चोरी की वारदात को अंजाम देने मेरठ आया था। पुलिस रिकॉर्ड में यूसुफ खान के खिलाफ दिल्ली में चोरी के छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस दंपति ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

उत्तराखंड