खबरें शेयर करें -

मां की हत्या का सनसनीखेज खुलासा! बेटी ने प्रेमी संग रची साजिश, जमीन के लालच में मां को उतारा मौत के घाट।

देहरादून। मां की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन के लालच में बेटी शिल्पा थापा ने अपने प्रेमी शिव नारायण पांडे के साथ मिलकर अपनी मां खजानी देवी की हत्या की साजिश रची। मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज अहम कड़ी बनी और पुलिस ने सैकड़ों ठिकानों की खाक छानने के बाद कथित हत्यारे को आश्रम से दबोच लिया।

एसपी ग्रामीण जया बलोनी के निर्देशन में पुलिस टीमों ने हरिद्वार, ऋषिकेश, भूपतवाला और शांतिकुंज क्षेत्र में करीब 500 होटल, धर्मशालाओं और आश्रमों की जांच की। इस दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी में शिव नारायण संदिग्ध हालत में दिखाई देने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी, ओर पुलिस ने घेराबंदी कर शिव नारायण पांडे को भूपतवाला स्थित एक आश्रम से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने शिल्पा के कहने पर खजानी देवी की हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खजानी देवी हत्याकांड में पुलिस के खुलासे के बाद मां-बेटी के रिश्ते को लेकर सामने आई कथित साजिश ने पूरे मामले को सनसनीखेज मोड़ दे दिया है।

उत्तराखंड