ऋषिकेश में 135 गैस सिलेंडर बरामद, कालाबाजारी का भंडाफोड़!
प्रशासन की कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून/ऋषिकेश, संवाददाता। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम ने ऋषिकेश के लक्कड़घाट क्षेत्र स्थित एक दुकान से 135 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति के पास एक साथ छह गैस बुकिंग स्लिप मिलने पर गैस एजेंसी प्रबंधक को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान पता चला कि उसकी क्षेत्र में एक दुकान है, जहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस और पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर शाम पांच बजे तक एलपीजी आपूर्ति से संबंधित 35 शिकायतें प्राप्त हुईं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा इन शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को 12,004 घरेलू तथा 136 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किए गए। इसके बावजूद लगभग 75 हजार घरेलू सिलेंडरों का बैकलॉग बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश संबंधित कंपनियों को दिए गए हैं।
पूरे मामले की निगरानी अपर जिलाधिकारी के के मिश्रा के पर्यवेक्षण में स्थापित कंट्रोल रूम से की जा रही है, ताकि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा सके।
(समाप्त)
