खबरें शेयर करें -

जून से पहले चालू होगा भवाली-रातीघाट बाईपास
मुख्य सचिव ने कैंची धाम व लोअर माल रोड कार्यों का किया निरीक्षण!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल, संवाददाता। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को जनपद नैनीताल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवाली-रातीघाट बाईपास, कैंची धाम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा लोअर माल रोड के जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवाली-रातीघाट बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करते हुए जून माह से पूर्व यातायात सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी मोटर पुल का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी वैली ब्रिज स्थापित कर इस पर्यटन सीजन में ही यातायात शुरू कराया जाए।
अधिकारियों के अनुसार 18.15 किमी लंबे बाईपास मार्ग में से लगभग 8 किमी का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 10.15 किमी पर कटिंग, सुरक्षा दीवार, कलवर्ट आदि कार्य प्रगति पर हैं। इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने हेतु 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी निर्माणाधीन है।
मुख्य सचिव ने कहा कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करना आवश्यक है, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके। यहां पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे व अन्य पर्यटन सुविधाओं के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने लोअर माल रोड में भू-धंसाव रोकथाम एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाबा नीम करौली बाबा के दर्शन कर प्रदेश की सुख-शांति की कामना भी की।
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड