बनबसा में हथियारबंद बदमाशों का तांडव!
गुदमी के भैंसाभोज में घर में घुसकर लाखों की लूट, महिला लहूलुहान।
दहशत में गांव।
बनबसा।
शांत माने जाने वाले इलाके ग्राम सभा गुदमी के भैंसाभोज में शनिवार की रात आतंक का साया तब गहराया, जब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में घुसते ही परिजनों से मारपीट शुरू कर दी और नकदी व सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। वारदात में घर की महिला को गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित भीम सिंह गोवाड़ी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर छह अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने लगभग दो लाख रुपये नकदी समेट ली, जबकि उनकी पत्नी के कानों से सोने के झुमके जबरन नोच लिए, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। विरोध करने पर बदमाशों ने परिजनों के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए जंगल की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिजन किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले और पास के लोगों को सूचना दी।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता देखते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मौके से फिंगरप्रिंट, पैरों के निशान और अन्य अहम साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।
गांव वालों में सुरक्षा को लेकर रोष है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
दर्पण न्यूज 24*7 इस मामले के हर अपडेट पर नज़र बनाए हुए है।
