खबरें शेयर करें -

पिथौरागढ़ में फिर छिन गई एक ज़िंदगी… डंपर की टक्कर से आरसेटी निदेशक की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। कुमाऊँ मंडल के सीमांत पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।
जानकारी के अनुसार ऐंचोली की ओर से चंडाक जा रहा खनन सामग्री से लदा एक डंपर अचानक सामने से आ रही स्कूटी से भिड़ गया। स्कूटी पर सवार गजेंद्र सिंह (42 वर्ष), जो एसबीआई आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) में निदेशक के रूप में तैनात थे, टक्कर लगते ही सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और गजेंद्र सिंह को बेहोशी की हालत में तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही आरसेटी परिवार, स्थानीय प्रशासन और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक छा गया।
लोगों का कहना है कि खतरनाक मोड़ों और भारी वाहनों की तेज रफ़्तार के चलते पिथौरागढ़ में सड़क हादसे आम हो चले हैं, लेकिन नियंत्रण के लिए ठोस कदम अभी तक नजर नहीं आते।
गजेंद्र सिंह जैसे जिम्मेदार और सौम्य अधिकारी की असमय मौत ने न केवल परिवार को बल्कि पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है—आखिर कब सुरक्षित होंगी पहाड़ों की सड़कें?
दर्पण न्यूज 24×7


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *