खबरें शेयर करें -

रानीखेत में थाना दिवस पर यातायात व सुरक्षा को लेकर मंथन
पदाधिकारियों ने दिए कई अहम सुझाव, पुलिस प्रशासन को अवगत कराया समस्याओं से।

रानीखेत। कोतवाली रानीखेत में रविवार को थाना दिवस के अवसर पर आयोजित बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रानीखेत विमल प्रसाद, कोतवाल अशोक धनखड़, नगर पालिका अध्यक्ष चिड़ियानौला अरुण रावत, छावनी परिषद के एकल सदस्य मोहन नेगी समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान लोगों ने नगर में बढ़ती यातायात समस्याओं की ओर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि उत्तराखंड परिवहन की बसों को नगर के भीतर से न ले जाकर बाईपास मार्ग से भेजा जाए, जिससे यातायात जाम की समस्या से निजात मिल सके।

रात्रिकालीन गश्त को लेकर भी एक महत्वपूर्ण सुझाव सामने आया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस वाहन सायरन का उपयोग न करें, क्योंकि इससे असामाजिक तत्व सतर्क हो जाते हैं और अपराधों की रोकथाम प्रभावित हो सकती है।

नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने चिड़ियानौला क्षेत्र में दो पुलिस जवानों की स्थायी तैनाती की मांग रखी। वहीं होटल एसोसिएशन और नागरिकों ने नगर में रह रहे बाहरी लोगों का समय-समय पर सत्यापन कराने का आग्रह किया।

बैठक में कैलाश पांडेय, अगस्त लाल शाह, दीपक पंत, आनंद अग्रवाल, विनीत चौरसिया सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड