खबरें शेयर करें -

एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच को देहरादून में रखने और ग्वालदम–वाण मार्ग PWD के पास रखने की मांग — सीएम धामी ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात।
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने देहरादून स्थित एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच को यथावत रखने और ग्वालदम–नंदकेसरी–थराली–देवाल–मुन्दोली–वाण मोटर मार्ग के रख-रखाव का कार्य आगे भी लोक निर्माण विभाग (PWD) के पास बनाए रखने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच लंबे समय से देहरादून में सुचारू रूप से कार्यरत है। चीन और नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं तथा देहरादून में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों को देखते हुए यह स्थान सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आग्रह किया कि ऑडिट ब्रांच को स्थानांतरित न करते हुए देहरादून में ही संचालित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्वालदम–वाण मार्ग के रख-रखाव को PWD के पास बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग विश्वप्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा का प्रमुख रूट है, जिसकी अगली यात्रा 2026 में प्रस्तावित है। स्थानीय परिस्थितियों की समझ और त्वरित कार्य निष्पादन के कारण PWD ही इस मार्ग के रख-रखाव के लिए सर्वोत्तम विभाग है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए दोनों विषयों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड