उप चुनाव में निर्वाचित और शपथ ग्रहण से वंचित पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधि अब 25 नवंबर को लेंगे शपथ।
,26नवंबर को होगी ग्राम सभा की पहली बैठक।
नैनीताल ।
दर्पण न्यूज 24*7
जनपद नैनीताल में पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम जारी करते हुए सभी विकास खंडों में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं ।
पंचायत उप-निर्वाचन की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब जनपद नैनीताल में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत सदस्यों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया तय कर दी गई है। शासन और राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचनाओं के क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ने 25 नवम्बर 2025 को जिले के सभी आठ विकास खंडों में संगठित ग्राम पंचायतों के अवशेष निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाने के निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक विकास खंड के न्याय पंचायत स्तर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की नामित सूची भी जारी कर दी गई है।
जारी निर्देशों के क्रम में खण्ड विकास अधिकारी अपने क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से ग्राम प्रधानों व सदस्यों को 24 नवम्बर तक कार्यक्रम की सूचना अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएंगे।
शासनादेश के मुताबिक शपथ ग्रहण स्थल पर ग्राम सभा व ग्राम प्रधान के पद की गरिमा के अनुरूप बैठने व व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर खण्ड विकास अधिकारी अपने स्तर से सहायक विकास अधिकारी स्तर या उससे उच्च अधिकारी को नोडल के रूप में नामित कर सकेंगे।
शपथ ग्रहण के पश्चात ग्राम प्रधानों के शपथ पत्र खण्ड विकास अधिकारी द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराए जाएंगे। ग्राम पंचायत सदस्यों के शपथ पत्र विकास खंड कार्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे।
इसके साथ ही सभी संगठित ग्राम पंचायतों की प्रथम बैठक 26 नवम्बर 2025 को आयोजित कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। पंचायत विकास अधिकारियों की कमी को देखते हुए अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी आवश्यकतानुसार तैनात किया जाएगा।
जिलाधिकारी नैनीताल ने सचिव पंचायतीराज, निदेशक पंचायतीराज, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी और समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल जनपद में पंचायत शासन की नई पारी की शुरुआत अब औपचारिक रूप से 25 और 26 नवम्बर को होने जा रही है, जिसके लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
