हल्द्वानी में साइबर ठगी का साया: फरीदाबाद पुलिस ने युवती को लिया हिरासत में, खाते में अचानक आए ₹50 हजार से बढ़ा शक।
हल्द्वानी।
गुरुवार को शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब फरीदाबाद पुलिस साइबर ठगी के एक मामले की जांच के सिलसिले में हल्द्वानी पहुंची। पुलिस टीम ने मुखानी क्षेत्र से एक युवती को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया, जहां उससे करीब एक घंटे तक पूछताछ की गई। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस को युवती की संलिप्तता के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं।
अचानक खाते में आए ₹50 हजार, बढ़ा पुलिस का शक।
युवती के परिजनों का कहना है कि उन्हें मामले की ज्यादा जानकारी नहीं थी और वे घबराए हुए थे। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसने हाल ही में एक एप्लीकेशन डाउनलोड कर उसमें करीब पाँच हजार रुपये निवेश किए थे। कुछ दिनों बाद ही उसके बैंक खाते में अचानक पचास हजार रुपये से अधिक की राशि आ गई, जिसे उसने सामान्य लेन-देन मान लिया।
इसी रकम को लेकर मामला संदिग्ध बना। पुलिस ने जिस खाते से पैसे भेजे गए थे, उसे ट्रैक किया तो पता चला कि वह खाता पहले से ही एक बड़े साइबर फ्रॉड केस में जांच के दायरे में है। इसी पर फरीदाबाद पुलिस हल्द्वानी पहुंची।
बैंक डिटेल खंगाले, अभी नहीं मिले ठोस सबूत।
फरीदाबाद पुलिस ने कोतवाली में युवती के बैंक लेन-देन और डिजिटल डाटा की जांच की। एसएचओ हल्द्वानी विजय सिंह मेहता ने पुष्टि की कि फरीदाबाद पुलिस पूछताछ के लिए आई थी, हालांकि विस्तृत विवरण उनके पास उपलब्ध नहीं है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में युवती की सक्रिय भूमिका सामने नहीं आई है। संभावना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद उसे छोड़ दिया जाएगा।
ऑनलाइन लेन-देन में बरतें सावधानी।
इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल सुरक्षा व अज्ञात ऐप में निवेश से जुड़े खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात स्रोत से खाते में अचानक बड़ी राशि आए तो तुरंत बैंक या संबंधित कानूनी एजेंसी को सूचित करें।
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सतर्कता ही सुरक्षित रहने का एकमात्र तरीका है।
