विश्व चैंपियनशिप खेलकर घर लौटे रघुवर दत्त जोशी, हल्दूचौड़ में सम्मान और अभिनंदन।
हल्दूचौड़। साउथ अफ्रीका में आयोजित यूनियन इंटरनेशनल मॉडर्न पेंटाथलॉन (UIPM) की विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल मुकाबले तक पहुंचने के बाद घर लौटे क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी रघुवर दत्त जोशी का हल्दूचौड़ में भव्य स्वागत किया गया। मास्टर ‘बी’ वर्ग की बायथलॉन एवं ट्रायथलॉन स्पर्धाओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
खेलकर स्वदेश लौटने पर बहु उद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति हल्दूचौड़ के अध्यक्ष मोहन दुर्गापाल, प्रधान प्रतिनिधि सुंदर मलवाल समेत अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने रघुवर दत्त जोशी को फूल-मालाओं से सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
रघुवर दत्त जोशी की इस सफलता से हल्दूचौड़ में गर्व और उत्साह का माहौल है और यह साबित हुआ है कि मेहनत और समर्पण से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भी भारत का परचम लहराया जा सकता है।
