खबरें शेयर करें -

भतरौजखान थानाध्यक्ष संजय जोशी की सटीक रणनीति से दबोचा गया 5 हजार का ईनामी गांजा तस्कर, 84 किलो गांजे के साथ 6 माह से था फरार।
दर्पण न्यूज 24/7
अल्मोड़ा। नशे के सौदागरों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस के सख्त अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष भतरौजखान संजय जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी वांछित गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर 84 किलोग्राम अवैध गांजा की तस्करी का गंभीर मामला दर्ज है।
मामला 22 मई 2025 का है, जब सौराल भतरौजखान के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने आर्टिगा कार (UK-18 TA 1777) से 09 कट्टों में भरा 84 किलो अवैध गांजा बरामद किया था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से गिरफ्तार हुआ, जबकि वाहन चालक अर्जुन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
घटना के बाद से ही थानाध्यक्ष संजय जोशी ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी को प्राथमिकता में लेते हुए लगातार सुरागरसी-पतारसी कराई। दबिशों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा आरोपी पर 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
लगातार प्रयासों के बाद 19 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने अर्जुन उर्फ मोहित (19 वर्ष) पुत्र होराम, निवासी गढ़ीनेगी, थाना कुंडा, जिला ऊधमसिंह नगर को ऊधमसिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध संख्या 19/25, धारा 8/20/60 NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष संजय जोशी
हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं थानाध्यक्ष संजय जोशी की सक्रियता और नेतृत्व की चारों ओर सराहना हो रही है।