








एनएचएम के तहत 134 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की भर्ती, आज से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया।
देहरादून।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के 134 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के माध्यम से सोमवार 22 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर भर्तियां की जा रही हैं। इसी क्रम में एनएचएम के अंतर्गत सीएचओ के पदों पर नियुक्ति से स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की कार्यक्षमता बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि जिलेवार रिक्त पदों में अल्मोड़ा में 15, चमोली में 13, चंपावत में 7, देहरादून में 6, हरिद्वार में 14, नैनीताल में 4, पौड़ी में 24, पिथौरागढ़ में 16, टिहरी में 10, ऊधमसिंह नगर में 20 तथा उत्तरकाशी में 5 पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों से प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी, जिससे आमजन को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड और आवेदन की शर्तें एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं।
