अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन।
सीबीआई जांच और दोषियों को फांसी देने की मांग, कई जिलों में पुतला दहन।
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो नैनीताल।
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। कथित तौर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर बुधवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए गए। इस दौरान सरकार और भाजपा नेताओं के पुतले फूंके गए तथा मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई।
नैनीताल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के आह्वान पर मल्लीताल चीना बाबा चौराहे पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।
अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला दहन किया। बागेश्वर में जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए, जहां वक्ताओं ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में सच्चाई को दबाया जा रहा है।
रामनगर में नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सीबीआई जांच की मांग की।
रुद्रपुर में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा के नेतृत्व में बीडी चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक हत्या नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए इन प्रदर्शनों से स्पष्ट है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
