रानीखेत की सड़कों पर उक्रांद का जनआक्रोश, जिला बनाने से लेकर राजधानी तक गूंजे बड़े मुद्दे।
रानीखेत | दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता गोपाल नाथ गोस्वामी
रानीखेत में स्थानीय व क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने नगर में जन आक्रोश रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आंदोलन को और मजबूत स्वरूप दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत जन आक्रोश रैली विजय चौक से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। रैली में शामिल कार्यकर्ता और स्थानीय लोग नारेबाजी व जनगीतों के माध्यम से सरकार के खिलाफ आक्रोश जताते हुए अपनी मांगों को बुलंद आवाज में रखते नजर आए।
उक्रांद ने रैली के माध्यम से सरकार से रानीखेत को जिला घोषित करने, ग्रामीण क्षेत्रों को गुलदार व अन्य जंगली जानवरों के आतंक से मुक्ति दिलाने, रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में न्यूरो व कार्डियो विशेषज्ञों की नियुक्ति तथा सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा सड़कों को गड्ढामुक्त करने, गैरसैंण को शीघ्र स्थायी राजधानी घोषित करने, बेरोजगारी व पलायन रोकने, तथा मूल निवास और सशक्त भू-कानून लागू करने जैसे अहम मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।
रैली में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की समस्याएं अनदेखी का शिकार हैं, जिससे आम जनता में गहरा रोष है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जन आक्रोश रैली में उक्रांद के पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, सलाहकार एवं वरिष्ठ नेता तुला सिंह तड़ियाल, आशुतोष नेगी, कुंदन सिंह नेगी, शिवराज सिंह मेहरा सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रैली के दौरान पूरे नगर में जन सरोकारों की गूंज सुनाई दी और सरकार को चेताया गया कि अब जनता अपने हक के लिए सड़क पर उतर चुकी
