खबरें शेयर करें -

ऋषिकेश में बवाल करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, पत्थरबाजों की फोटो जारी—सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो!
ऋषिकेश।
ऋषिकेश में वन विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस, प्रशासन व वन विभाग की संयुक्त टीम पर हुई पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिए पुलिस ने अब उनके फोटो और वीडियो सार्वजनिक कर दिए हैं।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 28 दिसंबर 2025 को ऋषिकेश स्थित वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने आमजन को उकसाकर पुलिस व प्रशासनिक टीमों पर पत्थरबाजी कराई।
एसएसपी ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनका वन विभाग की भूमि से कोई लेना-देना नहीं था, बावजूद इसके वे मौके पर पहुंचकर लोगों को भड़काने और हिंसा फैलाने में शामिल रहे। इन उपद्रवियों की पहचान मौके पर ली गई फोटो, वीडियो और ड्रोन फुटेज के माध्यम से की जा रही है।
पुलिस द्वारा चिन्हित किए गए कुछ उपद्रवियों की तस्वीरें व वीडियो सार्वजनिक किए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन उपद्रवियों के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो मोबाइल नंबर 9411112815 पर तत्काल सूचना दें।
सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड