जोशी खोला–थपलिया में तेंदुए का आतंक, प्रशासनिक लापरवाही से उबाल पर जनता।
लगातार दिख रहा तेंदुआ, दहशत में क्षेत्रवासी; ठोस कार्रवाई की मांग तेज।
दर्पण न्यूज 24/7 अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा नगर के जोशी खोला और थपलिया क्षेत्र इन दिनों तेंदुए के बढ़ते आतंक से सहमे हुए हैं। सोमवार को एक बार फिर जोशी खोला क्षेत्र में तेंदुए को खुलेआम घूमते देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय के साथ-साथ आक्रोश भी गहराता जा रहा है। बीते कई दिनों से तेंदुए की लगातार सक्रियता सामने आ रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई न होने से लोगों का सब्र जवाब देने लगा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह कोई नई घटना नहीं है। पूर्व में भी इन्हीं इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई थी, लेकिन तब वन विभाग ने केवल एक-दो दिन औपचारिक गश्त कर मामले को नजरअंदाज कर दिया। नतीजतन आज हालात और भी गंभीर हो गए हैं और लोग अपने घरों व गलियों में भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी द्वारा सूचना दिए जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया। उन्होंने रात्रिकालीन निरंतर गश्त, पुलिस के माध्यम से व्यापक मुनादी और तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाए जाने की मांग सख्ती से रखी।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने आश्वासन दिया है कि वन विभाग की टीमें जोशी खोला और थपलिया क्षेत्रों में रात के समय सक्रिय रहेंगी और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कदम उठाने होंगे।
इधर पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेताया कि जनसुरक्षा के मामलों में अब खानापूर्ति किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें।
क्षेत्र में बढ़ते खतरे को देखते हुए अब सभी की निगाहें प्रशासन और वन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
