खबरें शेयर करें -

खबर का असर | दर्पण न्यूज 24/7 की प्रमुख रिपोर्ट के बाद हरकत में आया वन विभाग, जोशी खोला–थपलिया में लगाया गया तेंदुआ पकड़ने का पिंजरा।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा नगर के जोशी खोला और थपलिया क्षेत्रों में तेंदुए की दहशत को लेकर दर्पण न्यूज 24/7 द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। लगातार कई दिनों से तेंदुए की खुलेआम आवाजाही और जनसुरक्षा पर मंडराते खतरे को उजागर किए जाने के बाद आखिरकार वन विभाग हरकत में आ गया है।
खबर के प्रसारण के बाद बढ़ते जनआक्रोश और दबाव को देखते हुए वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित कर दिया है। साथ ही विभागीय टीमों को क्षेत्र में तैनात कर निगरानी और रात्रिकालीन गश्त भी तेज कर दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी तेंदुए की मौजूदगी सामने आने पर केवल औपचारिक कार्रवाई की गई थी, जिससे समस्या जस की तस बनी रही। लेकिन इस बार दर्पण न्यूज 24/7 की रिपोर्ट के बाद मामले ने तूल पकड़ा और प्रशासन को ठोस कदम उठाने पड़े।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि जोशी खोला और थपलिया क्षेत्रों में विभाग पूरी तरह अलर्ट है। तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
इधर गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि यह कार्रवाई जनदबाव और मीडिया की सजग भूमिका का परिणाम है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी दर्पण न्यूज 24/7 का आभार जताते हुए कहा कि यदि समय रहते खबर को प्रमुखता से नहीं उठाया जाता, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। फिलहाल क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
— दर्पण न्यूज 24/7