हल्द्वानी में सनसनी: भाजपा पार्षद ने लाइसेंसी रिवाल्वर से युवक को मारी गोली, मौके पर मौत।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठा है। भाजपा के पार्षद एवं संगठन में पदाधिकारी अमित बिष्ट उर्फ़ चिंटू ने जज फार्म निवासी युवक नितिन लोहनी पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर ली है। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
