अल्मोड़ा | दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हल्द्वानी
चंदन हॉस्पिटल के खिलाफ आक्रोश, कुमाऊं में सेवाएं बंद करने की मांग।
हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में हुई महिला की मौत के मामले को लेकर कुमाऊं अंचल में आक्रोश फैलता जा रहा है। इसी कड़ी में अल्मोड़ा में सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन कर मृतका सीमा बिरौड़िया को श्रद्धांजलि दी और सरकार से चंदन हॉस्पिटल व चंदन ग्रुप की सभी पैथ लैब को तत्काल बंद करने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चंदन हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और लापरवाही के चलते महिला की जान गई। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल सेवा भाव छोड़कर व्यवसायिक मानसिकता से काम कर रहे हैं, जो आम जनता के लिए घातक साबित हो रहा है।
सभा के दौरान मृत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री से मांग की गई कि हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द किया जाए और कुमाऊं भर में संचालित चंदन पैथ लैब की जांच कर उन्हें बंद किया जाए।
वक्ताओं ने यह भी आशंका जताई कि श्रमिकों की रक्त जांच रिपोर्टों में भी अनियमितताएं हो सकती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चंदन ग्रुप के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें मिल रही सरकारी सहायता बंद नहीं हुई, तो पूरे कुमाऊं में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर रमेश बहुगुणा, त्रिलोचन जोशी, मनोज सनवाल, प्रेम लटवाल, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू भट्ट, संजय जोशी, पार्षद नरेंद्र बिष्ट, राहुल बिष्ट, दीवान सिंह मेर, गणेश सिंह, जीवन सिंह मेर, मनोहर सिंह, रमेश राम, ललित बोहरा, गोपाल सिंह, राजू वर्मा, प्रमोद सिंह, कमल वर्मा, कृष्ण सिंह बानी, सतीश भट्ट, दिनेश सिंह बिष्ट और पूरन बिष्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।
