देहरादून में सामने आई उर्मिला सनावर, एसआईटी की पूछताछ शुरू—अंकिता भंडारी केस में नया मोड़, बड़े नेताओं पर लगे आरोपों की होगी फॉरेंसिक जांच।
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो!
देहरादून।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के बीच लगातार चर्चा में बनी रही उर्मिला सनावर आखिरकार सामने आ गई है। मंगलवार देर रात देहरादून पहुंचते ही पुलिस अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, उर्मिला के सामने आने से इस मामले में नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है।
उर्मिला सनावर लंबे समय से अंडरग्राउंड बताई जा रही थी, जबकि सोशल मीडिया पर वह लगातार भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाती रही। देर रात वह दर्शन भारती के आग्रह पर उनके घर पहुंची, जहां पुलिस अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक उससे पूछताछ की। इस दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी भी मौजूद रही।
बुधवार को एसआईटी टीम ने भी उर्मिला से पूछताछ शुरू कर दी है। एसआईटी उसके द्वारा वीआईपी से जुड़े मामले में सोशल मीडिया पर वायरल किए गए ऑडियो और वीडियो की सच्चाई खंगालने में जुट गई है। सभी डिजिटल सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
इधर दर्शन भारती ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के कहने पर ही उर्मिला सनावर ने यह ऑडियो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। दर्शन भारती ने यह भी कहा कि फिलहाल उर्मिला पुलिस निगरानी में सुरक्षित है।
प्रदेश में इस घटनाक्रम के बाद फिर से हलचल तेज हो गई है और अब सबकी निगाहें एसआईटी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।