खबरें शेयर करें -

काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा की बड़ी कार्रवाई: 82 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा, ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को मिली बड़ी सफलता।
दर्पण न्यूज 24/7
नैनीताल।

नशे के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। काठगोदाम थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 82 लाख 50 हजार रुपये की स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन एवं “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत की गई।
मुख्यमंत्री के मिशन को सफल बनाने के लिए जनपद में लगातार कड़ा अभियान चल रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन तथा सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के मजबूत नेतृत्व ने बड़ी कामयाबी दिलाई।
6 जनवरी 2026 को कुंवरपुर गौला पुल बाईपास रोड के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल UK18R 6945 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में बाइक सवार के कब्जे से 275 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 82 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान मंजीत सिंह पुत्र संतोक कौर, निवासी टुकड़ी, थाना नानकमत्ता, जनपद ऊधम सिंह नगर (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नानकमत्ता से स्मैक लाकर हल्द्वानी में महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था। उसके खिलाफ पहले भी जनपद पिथौरागढ़ में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज रह चुका है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल भानु प्रताप, सुरेंद्र और प्रेम प्रकाश की अहम भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी और ज्यादा सख्ती के साथ जारी रहेगा।

उत्तराखंड