नैनीताल में वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा! गुलदार की 2 खाल और भारी मात्रा में हड्डियों संग तस्कर गिरफ्तार।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो, नैनीताल।
उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले में वन्यजीव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलदार की दो खाल और करीब छह माह पुरानी भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियों के साथ एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई किलबरी–पंगूट मोटर मार्ग क्षेत्र में की गई।
कार्यालय प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार और एसडीओ ममता चंद के निर्देशन में नगरपालिका रेंज, प्राणी उद्यान टीम व यूके एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर तस्कर को दबोचा। टीम में आरओ ललित मोहन कार्की और आनंद लाल आर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान बागेश्वर जिले के कपकोट निवासी महेश सिंह कपकोटी के रूप में हुई है। विभाग को संदेह है कि आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त रहा है। फिलहाल वन विभाग और एसटीएफ की टीम उससे विस्तृत पूछताछ में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गोरखधंधे में और कौन लोग शामिल हैं तथा गुलदारों का शिकार कब और किस जंगल में किया गया।
गौरतलब है कि गुलदार (तेंदुआ) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की पहली अनुसूची में शामिल प्रजाति है और इसका शिकार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ नैनीताल नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले समय में पूछताछ से कई बड़े खुलासे संभव हैं।
