ब्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें बढ़ीं: एक ही दिन में चार नए मुकदमे, जमानत भी खारिज — अब रहेंगी जेल में!
हल्द्वानी न्यूज़ | दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। जेल में बंद ब्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी निवासी ज्योति के खिलाफ शुक्रवार को कुमाऊं के अलग-अलग जिलों में चार और मुकदमे दर्ज हो गए। इनमें दो मुकदमे ऊधमसिंह नगर, एक अल्मोड़ा तथा एक और मुकदमा हल्द्वानी के मुखानी थाने में दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर कुमाऊं की महिलाओं और देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुखानी थाने में दर्ज मुकदमे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही ज्योति को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं अन्य मामलों में आरोप है कि अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान ज्योति ने दरांती लहराते हुए सोशल मीडिया पर विभाजनकारी और अपमानजनक बयान दिए।
रुद्रपुर में भाजपा महिला मोर्चा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष ममता त्रिपाठी, खटीमा में सावित्री चंद, जसपुर में भाजपाई कार्यकर्ताओं तथा अल्मोड़ा में पांडेखोला निवासी मीनाक्षी कुवार्बी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ज्योति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192, 196, 299, 302 तथा आयुध अधिनियम की धारा 27 के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
इस बीच शुक्रवार को मुखानी थाने में जूही चुफाल ने भी नया केस दर्ज कराया। आरोप है कि ज्योति ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्हें धमकी दी थी।
गौरतलब है कि ज्योति को गुरुवार को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। शुक्रवार को उनके वकीलों ने जमानत याचिका दाखिल की, लेकिन नैनीताल पुलिस की कड़ी पैरवी और सरकारी वकीलों के तर्कों के चलते अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद अब ज्योति अधिकारी को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
