








महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी से देवभूमि की छवि धूमिल, बयान दुर्भाग्यपूर्ण : अजय टम्टा!
दर्पण न्यूज 24/7 अल्मोड़ा।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा ने उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा और सोच देवभूमि उत्तराखंड की गरिमा को आहत करती है।
अजय टम्टा ने कहा कि उन्होंने संबंधित वीडियो देखा है, जिसमें कही गई बातें किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हैं। उत्तराखंड अपनी संस्कृति, सम्मान और मर्यादा के लिए जाना जाता है, ऐसे में यहां से इस प्रकार की टिप्पणी आना बेहद चिंताजनक है और इससे प्रदेश की छवि धूमिल होती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरधारी लाल साहू न तो भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं और न ही उत्तराखंड के निवासी हैं, इसलिए उनके बयान को पार्टी से जोड़कर देखना उचित नहीं है। टम्टा ने कहा कि प्रदेश की गरिमा बनाए रखना समाज और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए सांसद टम्टा ने कहा कि यह क्षेत्र हमेशा अपने संस्कारों और मर्यादा के लिए जाना गया है, लेकिन इस तरह की बयानबाजी से पूरे क्षेत्र और प्रदेश की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “जो जैसा होता है, वह वैसा ही सोचता भी है।”
— दर्पण न्यूज 24/7
