खबरें शेयर करें -

शिवरात्रि मेले की बैठक में बवाल! छोटा कैलाश की तैयारियों पर भड़के विधायक राम सिंह कैड़ा, बैठक छोड़ने तक की नौबत!
दर्पण न्यूज 24/7 ! हल्द्वानी।
शिवरात्रि के पावन अवसर पर छोटा कैलाश में लगने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारियों को लेकर काठगोदाम सर्किट हाउस में बुलाई गई समीक्षा बैठक उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा बेहद नाराज़ हो उठे।
बैठक के दौरान जब सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सवाल उठे, तो विधायक कैड़ा ने मंदिर समितियों और संबंधित अधिकारियों से दो टूक जवाब मांगा। लेकिन संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों और मंदिर समितियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और यहां तक कह दिया कि,
“श्रद्धालुओं की आस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
स्थिति इस कदर बिगड़ी कि विधायक बैठक छोड़कर जाने लगे। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें रोककर हालात संभालने की कोशिश की।
सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों के आश्वासन के बाद विधायक कैड़ा माने और बैठक दोबारा शुरू हुई। इस दौरान मेले की व्यवस्थाओं को तय समय के भीतर दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन और मंदिर समितियां विधायक की नाराज़गी के बाद कितनी तेजी से व्यवस्थाओं को सुधारती हैं, ताकि शिवरात्रि मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
— दर्पण न्यूज 24/7 एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

उत्तराखंड