खबरें शेयर करें -

मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास एटीएम पर हमला, नकाबपोश चोर नाकाम होकर फरार!
आधी रात को पत्थरों से मशीन तोड़ने की कोशिश, CCTV खंगाल रही पुलिस!
दर्पणन्यूज24/7 लालकुआं, संवाददाता।
मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित हिताची कंपनी के एटीएम में शनिवार देर रात चोरी का प्रयास किया गया। नकाबपोश चोर ने एटीएम को पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर मशीन तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वह मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात अर्धरात्रि के बाद की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए सिर पर बैगनुमा कपड़ा पहन रखा था, ताकि वह सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से नजर न आ सके। देर रात एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद आसपास के लोगों में हलचल मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एटीएम स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मशीन को हुए नुकसान का जायजा लिया तथा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल ने बताया कि एटीएम से छेड़छाड़ करने वाले बदमाश की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपी की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में लगे एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा एटीएम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो इस तरह की घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।