खबरें शेयर करें -

बिंदुखत्ता में विराट सद्भावना सम्मेलन की धूम, आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होगा क्षेत्र!
15 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय संत सदगुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज करेंगे मार्गदर्शन!
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं (नैनीताल)।
बिंदुखत्ता में 15 फरवरी को आयोजित होने जा रहे विराट सद्भावना सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बन गया है। सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं और श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक महात्मा सत्यबोधानंद जी लगातार जनसंपर्क कर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों को सम्मेलन में आमंत्रित कर रहे हैं।
इसी क्रम में महात्मा सत्यबोधानंद जी ने विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक नवीन चंद दुम्का, समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल सहित अनेक प्रमुख लोगों से भेंट कर उन्हें सादर आमंत्रण दिया और 15 फरवरी को सपरिवार उपस्थित होकर आध्यात्मिक कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया।
महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि इस विराट सद्भावना सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संत सदगुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज संबोधित करेंगे। उनका दिव्य मार्गदर्शन समाज में सद्भाव, सेवा, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा। सम्मेलन का आयोजन 15 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे से श्री हंस प्रेम योग आश्रम, संजय नगर द्वितीय, बिंदुखत्ता में किया जाएगा।
सम्मेलन की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए 66 विभागों का गठन किया गया है और प्रत्येक विभाग में कर्मठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। श्रद्धालुजन सेवा, व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन और अतिथि सत्कार में पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं में सम्मेलन को लेकर गहरी आस्था और उत्साह बना हुआ है। आयोजन को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक सद्भाव का पर्व माना जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य अवसर का लाभ लें और सद्गुरुदेव के सान्निध्य में आध्यात्मिक ऊर्जा से अपने जीवन को आलोकित करें।