खटीमा में मशाल जुलूस को लेकर गरमाया माहौल, प्रधानमंत्री-सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी का आरोप!
बिना अनुमति जुलूस निकालने, महिलाओं से अभद्रता और मुख्य मार्ग जाम करने का आरोप, कार्रवाई की मांग कोतवाली पहुंची शिकायत!
करन सतवाल ब्यूरो दर्पण न्यूज 24/7खटीमा।
नगर में शनिवार शाम निकाले गए कथित मशाल जुलूस को लेकर माहौल गरमा गया है। कुछ क्षेत्रवासियों ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर जुलूस के आयोजकों और उसमें शामिल कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 25 जुलाई की शाम करीब छह बजे सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला से बिना अनुमति मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें कुछ अराजक तत्व भी शामिल हो गए।
कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जुलूस के दौरान सड़क से गुजर रही महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही, जुलूस में शामिल कुछ लोगों द्वारा देश के प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी भरे नारे लगाए गए।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि कथित नारेबाजी और अभद्र भाषा से संबंधित वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जुलूस के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हुआ और जाम की स्थिति पैदा हो गई।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह के कृत्यों से खटीमा जैसे शांतिप्रिय शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खटीमा से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब पूरे मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। वहीं, जुलूस के आयोजकों का पक्ष सामने आने के बाद घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होगी।
करन सतवाल, खटीमा संवाददाता
