रानीखेत को मिला नया कोतवाल: बीसी जोशी ने संभाली कमान, यातायात सुधार व नशा मुक्ति पर रहेगा सख्त फोकस!
संवाददाता: गोपाल नाथ | दर्पण न्यूज 24/7
रानीखेत। कोतवाली रानीखेत का कार्यभार नवनियुक्त कोतवाल बी.सी. जोशी ने संभाल लिया है। इस अवसर पर मंगलवार को कोतवाली परिसर में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के सभी पत्रकारों ने नवागत कोतवाल से परिचय किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पत्रकार वार्ता के दौरान नगर की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पत्रकारों ने रानीखेत में बढ़ती यातायात अव्यवस्था, दोपहिया वाहनों से लगने वाले जाम, तथा अन्य जनसमस्याओं की ओर कोतवाल का ध्यान आकर्षित किया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कोतवाल बी.सी. जोशी ने स्पष्ट कहा कि नगर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना और नशा मुक्ति अभियान को मजबूती देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि वे पहले भी नशे के खिलाफ अभियान चलाने का अनुभव रखते हैं और रानीखेत में भी इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
कोतवाल जोशी ने बताया कि विशेष रूप से नई युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बी.सी. जोशी अल्मोड़ा में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) में तैनात रह चुके हैं। उनके अनुभव से नगर में कानून व्यवस्था के साथ-साथ नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
नगरवासियों को नए कोतवाल से यातायात सुधार और नशा मुक्त रानीखेत की दिशा में ठोस पहल की उम्मीद है।
रानीखेत को मिला नया कोतवाल: बीसी जोशी ने संभाली कमान, यातायात सुधार व नशा मुक्ति पर रहेगा सख्त फोकस!
