तहसील दिवस में नदारद अफसर, फरियादियों की उम्मीदों पर फिरा पानी!
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को पलीता लगाते जिम्मेदार, पार्षद ने उठाए सवाल!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शुमार तहसील दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, लेकिन हल्द्वानी तहसील में आयोजित तहसील दिवस पर जिम्मेदार अधिकारियों की गैरहाजिरी ने इस व्यवस्था की पोल खोल दी। बनभूलपुरा से पार्षद शकील सलमानी फरियादियों के साथ समस्याएं लेकर तहसील दिवस पहुंचे, लेकिन अधिकांश विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिले।
पार्षद शकील सलमानी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर महीने के पहले मंगलवार को तहसील दिवस इसलिए लगाया जाता है ताकि आम लोगों की शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंचें और उनका त्वरित निस्तारण हो सके। लेकिन जब अधिकारी ही मौजूद नहीं होंगे, तो फरियादियों की सुनवाई कैसे होगी। उन्होंने इसे सरकार की जनहितकारी मंशा के साथ मजाक बताया और जिम्मेदार अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
वहीं तहसीलदार कुलदीप पांडे ने दावा किया कि तहसील दिवस में आई समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया है। जिन शिकायतों का समाधान संबंधित विभागों से जुड़ा था, उन्हें तत्काल संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर दिया गया है।
हालांकि जमीनी हकीकत यह है कि फरियाद लेकर दूर-दराज से पहुंचे लोगों को अधिकारियों के इंतजार में भटकना पड़ा। तहसील दिवस जैसे कार्यक्रमों में अफसरों की गैरमौजूदगी सरकार की योजनाओं पर सवाल खड़े कर रही है। आमजन का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी समय पर नहीं पहुंचेंगे, तो जनता की समस्याएं कागजों में ही दबकर रह जाएंगी।
