रानीबाग के जाम से मिलेगी निजात, अमृतपुर बायपास का निर्माण शुरू!
18.23 करोड़ की परियोजना से सुधरेगी यातायात व्यवस्था, गौला नदी पर बनेगा नया पुल!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। रानीबाग गुलाब घाटी क्षेत्र में वर्षों से लोगों की परेशानी बने यातायात जाम से जल्द राहत मिलने जा रही है। गौला पुल काठगोदाम की हनुमानगढ़ी से अमृतपुर तक प्रस्तावित बायपास सड़क के निर्माण कार्य ने अब धरातल पर गति पकड़ ली है। सड़क कटान का काम शुरू होने के साथ ही बहुप्रतीक्षित परियोजना का सपना साकार होने लगा है।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि 18 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण में 6 करोड़ 45 लाख रुपये से सड़क कटिंग का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य दो चरणों में लगभग नौ माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 11 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से गौला नदी पर आधुनिक पुल का निर्माण किया जाएगा। पुल और बायपास सड़क तैयार होने के बाद रानीबाग, गुलाब घाटी और काठगोदाम क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी कम होगा, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ नैनीताल और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह परियोजना केवल जाम की समस्या का समाधान नहीं करेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगी। बायपास बनने से आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध होगा, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
लंबे समय से जाम की मार झेल रहे लोगों के लिए यह परियोजना किसी बड़ी राहत से कम नहीं मानी जा रही है।
