“महादेव की महिमा से आलोकित देवभूमि — मानसखंड मंदिर माला मिशन से कुमाऊं के शिवालयों को मिलेगी नई पहचान” ।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | हल्द्वानी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन कॉरिडोर के माध्यम से कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों को नई पहचान दी जा रही है। शिवालयों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण, सौंदर्याकरण और विकास कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। इसके साथ ही हरिपुर-कालसी यमुना तीर्थ, हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी ऐतिहासिक परियोजनाओं के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित किया जा रहा है।
बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एमबी इंटर कॉलेज मैदान में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से आयोजित शिव कथा में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव की कृपा से आयोजित इस पावन शिव कथा में सहभागी बनना उनके लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है।
मुख्यमंत्री ने दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संस्थापक गुरु आशुतोष महाराज को कोटि-कोटि नमन करते हुए कहा कि उनकी साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा ने असंख्य लोगों को धर्म, सेवा, करुणा और सदाचार के मार्ग पर प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी की इस पुण्य धरा पर शिव कथा के माध्यम से महादेव के श्रीचरणों में शीश नवाने का अवसर मिलना सौभाग्य का विषय है।
सीएम धामी ने शास्त्रों में वर्णित भगवान शिव के अद्वैत स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा—
“न कर्ता, न क्रिया, न योगः, न ज्ञानं, न च भोगः — शिवोऽहम्, शिवोऽहम्।”
अर्थात जब अहंकार विलीन होता है और करुणा, समरसता व त्याग जीवन में उतरते हैं, तब मनुष्य स्वयं शिवमय हो जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी सहित संपूर्ण कुमाऊं अंचल सदियों से धर्म, अध्यात्म और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र रहा है। प्राचीन ग्रंथों और पुराणों में यहां के शिवालयों, मंदिरों और पवित्र जल स्रोतों का उल्लेख मिलता है, जो इस बात का प्रमाण है कि यह भूमि युगों-युगों से सनातन और शैव परंपरा की साधना स्थली रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति आज वैश्विक स्तर पर विश्व मानवता के लिए प्रेरणा बन रही है। राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण व संवर्धन के लिए संकल्पबद्ध भाव से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से यह पावन संकल्प और अधिक सशक्त रूप में साकार होगा।
