गदरपुर में अरविंद पांडे का सियासी ‘मास्टरस्ट्रोक’: विरोध के बीच बेखौफ एंट्री, हौसलों से दिया करारा संदेश।
ब्यूरोचिफ दर्पण न्यूज 24/7 प्रमोद बमेटा उत्तराखंड।
उत्तराखंड के गदरपुर की राजनीति में आजकल भाजपा विधायक अरविंद पांडेय ने अपने मजबूत इरादों और बेखौफ अंदाज़ से सियासी गलियारों में हलचल मचा रखी है। जमीन फर्जीवाड़े के आरोपों को लेकर युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर की चल रही प्रेस वार्ता के दौरान अचानक मौके पर पहुंचकर विधायक पांडेय ने साफ कर दिया कि वह विरोध और आरोपों से डरने वाले नहीं हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा विधायक के पुत्र पर आरोपों की बौछार हो रही थी और माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ था। इसी बीच अरविंद पांडेय का अचानक पहुंचना राजनीतिक हलकों में एक साहसिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। विधायक को सामने देखकर कुछ देर के लिए प्रेस वार्ता में सन्नाटा छा गया।
अरविंद पांडेय ने मौके पर मौजूद लोगों से सहजता से मुलाकात की, हाल-चाल जाना और माहौल को सामान्य करते हुए यह संदेश दिया कि वह न तो आरोपों से घबराते हैं और न ही राजनीतिक दबाव से। प्रेस वार्ता के दौरान उनकी मौजूदगी ने विरोधियों की आक्रामकता की धार कुंद कर दी और माहौल तल्ख बहस की जगह सामान्य बातचीत में बदल गया।
गौरतलब है कि इन दिनों अरविंद पांडेय अपनी ही सरकार और पार्टी के भीतर उठ रहे विरोध के बावजूद डटकर खड़े हैं। हाल ही में उनके कार्यालय पर प्रशासन द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने के बाद सियासी पारा और चढ़ गया था। इसके बावजूद विधायक पांडेय ने पीछे हटने के बजाय खुलकर मैदान में उतरने का रास्ता चुना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रेस वार्ता स्थल पर उनकी यह ‘सीधी एंट्री’ उनके आत्मविश्वास और मजबूत नेतृत्व का प्रतीक है। भाजपा के भीतर चल रहे विरोध के बीच भी अरविंद पांडेय लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि वे दबाव में झुकने वाले नहीं हैं।
गदरपुर की सियासत में अरविंद पांडेय की यह बेखौफ मौजूदगी आने वाले दिनों में बड़े राजनीतिक संकेत देने वाली मानी जा रही है।
