कमल मुनि के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों से मिले भाजपा कार्यकर्ता, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता की करी मांग!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो नैनीताल। नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर शुक्रवार को हिंदूवादी नेता कमल मुनि के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता भवाली कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि पीड़िता साधारण परिवार से है और उसकी सामाजिक स्थिति कमजोर है। ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा दबाव बनाए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पीड़िता व उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
हिंदूवादी नेता कमल मुनि ने क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि बाहरी और संदिग्ध लोगों की जांच से इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। अधिवक्ता व भाजपा नेता शिवांशु जोशी ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ने की मांग की गई।
भाजपा नेता आशुतोष चंदोला ने दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समाज में भय का वातावरण समाप्त करने के लिए कड़ा संदेश जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज हो चुके हैं। पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है तथा क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
फोटो कैप्शन:
भवाली कोतवाली में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करते हिंदूवादी नेता कमल मुनि के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता।
