खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड उच्च न्यायालय में विस्फोट की धमकी फर्जी, कई घंटे बंद रहा कामकाज!

दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल, संवाददाता। राज्य के विभिन्न न्यायालयों को मिल रहे धमकी भरे ई-मेल के क्रम में गुरुवार को नैनीताल स्थित उत्तराखंड उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय को भी विस्फोट की धमकी मिली। ई-मेल में दोपहर के समय कोर्ट परिसर में विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही एहतियातन पूर्वान्ह में न्यायालय का कामकाज रोक दिया गया और परिसर खाली कराया गया।

पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर सभी कोर्ट रूम, रजिस्ट्री कार्यालय तथा अन्य अनुभागों की सघन तलाशी ली। हाईकोर्ट के सभी प्रमुख गेटों पर पुलिस बल तैनात कर लोगों की गहन जांच की गई। अधिवक्ता बार सभागार और मंदिर प्रांगण के बाहर एकत्र रहे। कई घंटे चली जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद भोजनावकाश के पश्चात न्यायालय का कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया।

इस दौरान न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने पैवेलियन होटल से गेट नंबर-7 तक सड़क किनारे लंबे समय से खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में यातायात बाधित न हो। निरीक्षण के समय हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

इसी प्रकार जिला न्यायालय में भी गुरुवार को धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। जिला जज प्रशांत जोशी ने अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ परिसर का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

धमकी के बाद हाईकोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि ऐसे ई-मेल पिछले कई दिनों से नैनीताल सहित अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत, उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार के न्यायालयों को भी प्राप्त हुए हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है तथा एसटीएफ की टीम आईपी एड्रेस ट्रेस करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में है। अब तक की जांच में कुछ ई-मेल विदेश से भेजे जाने के संकेत मिले हैं।

उत्तराखंड