खबरें शेयर करें -

स्वस्थ भारत के निर्माण में निजी अस्पताल निभाएं सामाजिक जिम्मेदारी : राष्ट्रपति मुर्मू!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
नई दिल्ली/मुंबई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते समय अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक तक सस्ती, सुलभ और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हम सभी का साझा लक्ष्य होना चाहिए।
राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार को मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत’ अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत आने वाले समय में वैश्विक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण में सरकार के साथ-साथ निजी अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों और अन्य हितधारकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रपति ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सा के लगभग हर क्षेत्र में नई तकनीकों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और भविष्य में इसकी अहमियत और अधिक बढ़ेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों का देश में ही निर्माण बढ़ाना जरूरी है, जिससे आम नागरिकों को किफायती उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
राष्ट्रपति मुर्मू ने जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी भी हैं और इसी सोच के साथ देश को स्वस्थ एवं सशक्त बनाया जा सकता है।

उत्तराखंड