“सनातन चेतना का महाकुंभ : बिन्दुखत्ता में विशाल हिंदू सम्मेलन से जागा राष्ट्र और धर्म भाव”
बिन्दुखत्ता (नैनीताल)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष (2025–26) के उपलक्ष्य में बिन्दुखत्ता क्षेत्र में विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उमड़े विशाल जनसमूह ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह और राष्ट्र चेतना के वातावरण से गुंजायमान रहा।
संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, समरसता, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. नरेन्द्र (सह विभाग प्रचारक, नैनीताल) ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन संस्कृति विश्व कल्याण का मार्ग दिखाने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने समाज को जाति-पांति और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर संगठित होने का आह्वान किया तथा राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम संयोजक लाखन सिंह मेहता के नेतृत्व में स्वयंसेवकों द्वारा आयोजन की व्यवस्थाएं सफलतापूर्वक संचालित की गईं। सम्मेलन में महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण, राष्ट्र सेवा तथा संगठन शक्ति को मजबूत करने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठित और संस्कारित समाज ही सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बनता है।
बिन्दुखत्ता में आयोजित यह सम्मेलन क्षेत्र में सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।
— संवाददाता दर्पण न्यूज 24/7
