खबरें शेयर करें -

आज बिरज में होली रे रसिया… सरोवर नगरी नैनीताल फाग के रंगों में सराबोर!

महिला होल्यारों के सुरों ने सजाई सांस्कृतिक संध्या, फागोत्सव में दिखी लोक परंपरा की झलक!

दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में होली का उल्लास अब अपने पूरे रंग में नजर आने लगा है। श्री रामसेवक सभा द्वारा आयोजित 30वें पारंपरिक फागोत्सव में बुधवार को महिला होल्यारों ने लोक संस्कृति और परंपरा से सराबोर होली गायन प्रस्तुत कर समां बांध दिया। पूरा वातावरण फागुन के रंग, संगीत और उत्साह से गूंज उठा।

कार्यक्रम में महिला होल्यारों ने “होली खेलन पधारो वृंदावन में”, “बरसाने में होली हो रही है”, “मैया जी होली खेले आज”, “भरी न पिचकारी मेरे अंगों में मारी” तथा “आज बिरज में होली रे रसिया” जैसी पारंपरिक होलियों का मधुर गायन कर श्रोताओं को ब्रज संस्कृति की अनुभूति कराई।

फागोत्सव का संचालन मीनाक्षी कीर्ति एवं प्रो. ललित तिवारी ने किया। इस दौरान महिलाओं द्वारा प्रस्तुत स्वांग ने दर्शकों का विशेष रूप से मन मोह लिया।

कार्यक्रम में श्री रामसेवक सभा के बाल कलाकारों ने तल्लीताल डांट क्षेत्र में राधा-कृष्ण की होली पर आधारित आकर्षक नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। आयोजन के दौरान सभा की ओर से क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुलिस को भी सम्मानित किया गया।

बेहतरीन स्वांग प्रस्तुति के लिए मंजू बोरा, चन्द्रा पंत, रजनी चौधरी, ईश्वरी जोशी, मोहिनी देवी, हीरा नयाल एवं वीणा पंत को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सभा अध्यक्ष मनोज लाल साह, महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक शाह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

फागोत्सव में मारुति साह, ममता जोशी, अमनदीप आनंद, नासिर खान, जयंत उप्रेती, मंजू रौतेला, डोल्मा, सुषमा डंडरियाल समेत अनेक सांस्कृतिक प्रेमियों की सहभागिता रही।

आयोजकों के अनुसार 26 फरवरी को दोपहर 2 बजे से स्कूली बच्चों द्वारा होली गायन प्रस्तुत किया जाएगा, वहीं बाल कलाकार नयना देवी मंदिर परिसर एवं चाट पार्क में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

फागोत्सव ने एक बार फिर साबित किया कि नैनीताल की होली केवल उत्सव नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत को संजोने का जीवंत माध्यम है।

उत्तराखंड