








होली से पहले मातम: ट्रक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, बहन जिंदगी की जंग लड़ रही — 15 साल पहले भी होली पर उजड़ा था यही परिवार!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। खुशियों, रंगों और उल्लास के पर्व होली से ठीक पहले लालकुआं क्षेत्र का एक परिवार गहरे मातम में डूब गया। पलभर में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया, जब सड़क हादसे ने परिवार का जवान बेटा छीन लिया। दर्दनाक संयोग यह रहा कि करीब 15 वर्ष पूर्व भी इसी परिवार ने होली के दौरान ही अपने मुखिया को सड़क दुर्घटना में खो दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ क्षेत्र के बच्चीधर्मा निवासी 27 वर्षीय नीरज फुलारा, पुत्र भुवन फुलारा, अपनी बड़ी बहन प्रियंका व अन्य परिजनों के साथ रुद्रपुर में एक रिश्तेदार के नामकरण संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नीरज अपनी बहन के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रुद्रपुर के पत्थरचट्टा क्षेत्र के पास उनकी बाइक अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि नीरज फुलारा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बहन प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद घायल प्रियंका को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 15 वर्ष पहले नीरज के पिता भुवन फुलारा की भी होली के समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब दोबारा उसी पर्व के आसपास परिवार पर टूटा यह दुख लोगों को अंदर तक भावुक कर गया है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बदहवास हैं और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। सामाजिक, राजनीतिक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है!
