खबरें शेयर करें -

हरिद्वार में विकास और राजनीति का महाकुंभ: अमित शाह देंगे 427 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात, धामी ने किया जोरदार स्वागत!
दर्पण न्यूज 24/7 हरिद्वार ब्यूरो । देवभूमि उत्तराखंड पहुंचने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद अमित शाह हरिद्वार के लिए रवाना हो गए, जहां उनके दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत प्रदेश को बड़ी विकास सौगात दी जाएगी। कार्यक्रम में 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए एक राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें धामी सरकार के कई बड़े फैसलों और उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। इनमें समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून, नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन, उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक तथा अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे अहम निर्णय शामिल हैं।
अमित शाह हरिद्वार में करीब चार घंटे पंद्रह मिनट तक रहेंगे। इस दौरान वह वैरागी द्वीप में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और एक निजी होटल में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी करेंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ राज्य सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। हरिद्वार में यह कार्यक्रम विकास और राजनीति के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

उत्तराखंड