हल्दूचौड़ में फिल्मी अंदाज में झपटमारी: बाइक सवार बदमाशों ने दंपत्ति को बनाया निशाना, महिला का पर्स और मोबाइल लूटकर हुए फरार!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र में झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग भी सुरक्षित नहीं रह गया है। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग -109 पर गुमटी स्थित अंग्रेजी वाइन शॉप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने लालकुआं से हल्द्वानी जा रहे दंपत्ति को निशाना बनाते हुए महिला का पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार में फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार दंपत्ति बाइक से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और अचानक महिला के हाथ से पर्स झपटकर फरार हो गए। जब तक दंपत्ति कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश तेज गति से मौके से निकल चुके थे।
बताया जा रहा है कि महिला के पर्स में हजारों रुपये की नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना के बाद दंपत्ति घबराए हुए नजर आए और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी।
व्यस्त हाईवे पर वारदात से मचा हड़कंप
राष्ट्रीय राजमार्ग 109 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस झपटमारी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही इलाके में संदिग्ध युवकों की आवाजाही बढ़ जाती है,
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर समय रहते झपटमारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी आपराधिक घटना भी हो सकती है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
