मातृ शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत! ।
कमला जोशी !
हल्दूचौड़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंद्रा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्दूचौड़ में नारी सम्मान और मातृ शक्ति के महत्व को लेकर विशेष संदेश साझा किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या कमला जोशी ने इस अवसर पर महिलाओं की भूमिका और उनके अमूल्य योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्या कमला जोशी ने कहा कि नारी केवल एक शब्द नहीं, बल्कि सृष्टि की सबसे बड़ी शक्ति और ईश्वर का अनमोल आशीर्वाद है। परिवार और समाज को एक सूत्र में बांधने में महिला की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जब परिवार में किसी प्रकार की समस्या या मतभेद उत्पन्न होते हैं, तब महिलाएं अपने धैर्य, समझदारी और करुणा से रिश्तों को संभालने का कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में संस्कारों का संचार करने और उन्हें सही दिशा देने में भी मातृ शक्ति का योगदान अतुलनीय है। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में मां और महिला का मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण होता है।
प्रधानाचार्या ने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने स्त्रियों के गुणों का वर्णन करते हुए कीर्ति, श्री, वाणी, स्मृति, मेधा, धृति और क्षमा जैसे दिव्य गुणों को नारी का स्वरूप बताया है, जो समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि नारी की गरिमा और सम्मान ही उसकी सच्ची पहचान है। समाज में महिलाओं का सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और संस्कारों में भी झलकना चाहिए।
अंत में कमला जोशी ने कहा कि सच्चा धन केवल भौतिक संपत्ति नहीं, बल्कि संस्कार, सम्मान और मानवीय मूल्य ही मनुष्य की वास्तविक पूंजी हैं। मातृ शक्ति का योगदान समाज को मजबूत और संस्कारित बनाने में सदैव प्रेरणादायक रहा है।

