खबरें शेयर करें -

अमेरिकी वित्त मंत्री के बयान पर विपक्ष का हमला, कांग्रेस बोली— “मोदी सरकार कायर और समझौतावादी”
नई दिल्ली। अमेरिकी वित्त मंत्री के हालिया बयान को लेकर विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव में फैसले ले रही है और देश के हितों से समझौता कर रही है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के एक साक्षात्कार से संकेत मिलता है कि भारत की नीतियों पर बाहरी दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है मानो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेशों का पालन करने का “प्रमाण पत्र” मिल गया हो।
जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि क्या अब देश की नीतियां व्हाइट हाउस से तय की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने को लेकर दी गई छूट और अन्य फैसलों पर सरकार को देश के सामने स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए।
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति और आर्थिक फैसले पूरी तरह देशहित में होने चाहिए, किसी भी बाहरी दबाव में नहीं। मान ने कहा कि सरकार को सबसे पहले देश की जनता के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
विपक्ष ने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समझौते कर रही है, वहीं दूसरी ओर देश की जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। हाल ही में एलपीजी सिलेंडर के दामों में 115 रुपये की बढ़ोतरी से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है।
विपक्ष का कहना है कि बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में इजाफे से आम जनता परेशान है और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।

उत्तराखंड