हरिद्वार जाते वक्त सुराज सेवा दल को मंगलौर में पुलिस ने रोका, गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन देने जा रहे थे कार्यकर्ता!
दर्पण न्यूज 24/7 | सच का आईना
लंढौरा/मंगलौर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे के बीच उस समय अचानक हलचल मच गई, जब सुराज सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न मुद्दों को लेकर उन्हें ज्ञापन देने के उद्देश्य से हरिद्वार के लिए रवाना हुए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें हरिद्वार पहुंचने से पहले ही मंगलौर में रोक दिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई। सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और अवैध खनन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार और उसके प्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं। इन मामलों को लेकर वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सीधे ज्ञापन देकर हस्तक्षेप की मांग करना चाहते थे।
सुराज सेवा दल के नेताओं ने यह भी कहा कि प्रदेश में विपक्ष की भूमिका भी कमजोर दिखाई दे रही है, ऐसे में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने और सरकार की नीतियों का विरोध करने की जिम्मेदारी उन्होंने अपने कंधों पर ली है।
हालांकि मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। बाद में सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने गृहमंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और ज्ञापन को गृहमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
सुराज सेवा दल ने साफ कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
