लामाचौड़ में धड़ल्ले से बिक रही ‘जहरीली’ शराब, आबकारी महकमे की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल!
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हल्द्वानी। लामाचौड़, फतेहपुर और कमलुवागांजा क्षेत्र में कथित रूप से खुलेआम बिक रही अवैध और जहरीली शराब ने आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है।
सोमवार को सनातन जागृति ट्रस्ट के अध्यक्ष विपिन पांडे के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पहले एसडीएम कोर्ट परिसर में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा और इसके बाद 16 मार्च से लामाचौड़ चौराहे के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में सरकारी भूमि और मुख्य मार्ग के किनारे लंबे समय से अवैध शराब का काला कारोबार चल रहा है। इससे कई परिवार प्रभावित हुए हैं और कुछ लोगों की जान तक जा चुकी है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग इस पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चाहे पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन हो, राजस्व विभाग के पट्टे की भूमि या पनचक्की क्षेत्र—कई स्थानों पर सड़क किनारे खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। इस संबंध में पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने आरोप लगाया कि गांधी आश्रम चौकी और आम्रपाली चौकी से महज 500 से 700 मीटर की दूरी पर यह अवैध कारोबार चल रहा है, फिर भी पुलिस और आबकारी विभाग इसे रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन देने वालों में भास्कर पड़लिया, यतिन पांडे, हरीश पांडे, राजू तिवारी, रवि नेगी, बसंत आर्य, उमेश जोशी, धीरज पांडे, रमेश और शिवकुमार सहित कई क्षेत्रवासी शामिल रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध शराब के इस नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
